Wednesday, December 28, 2022

दुनिया बे-ईमान की

सिसक झोपड़ी चुप सोती है
मानवता कराहती रोती है
सेठों की है महल अटारी
चले सड़क पर मोटर गाड़ी
कीमत नहीं अन्नदाता उस 
निस्पृह दीन-किसान की
सम्हल-सम्हल कर पग रखना है,
दुनिया बे-ईमान की...

स्वार्थी भूले भगत सिंह को
आजादी के चरण-चिह्न को
कौन चन्द्रशेखर न जानना
निज स्वार्थ को बड़ा मानना
स्मृति में नहीं दिखती है, 
कथा शुद्ध बलिदान की
सम्हल-सम्हल कर पग रखना है,
दुनिया बे-ईमान की...

खाओ-पियो मौज करो बस
निचोड़ लो चालाकी से रस
कल-पुर्जो का कलयुग ठहरा
यन्त्र-भावना निहित गहरा
पूजा होती नहीं हृदय से,
कभी यहाँ भगवान की
सम्हल-सम्हल कर पग रखना है,
दुनिया बे-ईमान की ...

सतत युद्ध की है विभीषिका
शांत न चीन,पाक-अमेरिका
विश्व-शांति की धुँधली रेखा
कब मिट जावे शंकित लेखा
नहीं कुशलता भाषित होती, 
मानव-पावन प्राण की
सम्हल-सम्हल कर पग रखना है,
दुनिया बे-ईमान की...

था सुकरात हेतु विष-प्याला
ईसा हेतु क्रास की माला
गाँधी की छाती पर गोली
यहाँ सत्य की हरदम होली
कौड़ी की इज्जत न यहाँ है,
सच्चे शुचि इंसान की
सम्हल-सम्हल कर पग रखना है,
दुनिया बे-ईमान की...

-शिशुपाल सिंह यादव मुकुंद

No comments:

Post a Comment