Monday, May 27, 2019

हमारी जान ले लेंगे तुम्हारी आँख के आँसू

हमारी जान ले लेंगे तुम्हारी आँख के आँसू
नई पहचान ले लेंगे तुम्हारी आँख के आँसू
बनाकर चित्र इस मन पर अजंता की गुफाओं के
दिल ए नादान ले लेंगे तुम्हारी आँख के आँसू

छुपी है आग पानी में कि है ये आग का पानी
जवानी नाम है उसका करे जो सिर्फ मनमानी
मुझे अभिमान है मेंने कभी अंकुश नहीँ माना
मेरा अभिमान ले लेंगे तुम्हारी आँख के आँसू

जो मिट जाती है छूने से मिटाने में न अक्षम है
बूँद पत्थर की छाती में छेद करने में सक्षम है
हुआ नाकाम पाने में विजय को क्रोध का लावा
फतह आसान ले लेंगे तुम्हारी आँख के आँसू

न बिजली की चमक देखी न बादल की गरज देखी
अनोखी बात आँखों की कि बरसाती मरज देखी
मिला सागर को है आदर अतल पाई है गहराई
वही सम्मान ले लेंगे तुम्हारी आँख के आँसू
हमारी जान ले लेंगे तुम्हारी आँख के आँसू

-डॉ अजय अटल कासगंज

No comments:

Post a Comment