Sunday, December 17, 2017

सिसक रही हिरनी

राजा मूँछ मरोड़ रहा है
सिसक रही हिरनी

बड़े बड़े सींगों वाला मृग
राजा ने मारा
किसकी यहाँ मजाल
कहे राजा को हत्यारा
मुर्दानी छायी जंगल में
सब चुपचाप खड़े
सोच रहे सब यही कि
आखिर आगे कौन बड़े
घूम रहा आक्रोश वृत्त में
ज्यों घूमे घिरनी

एक कहीं से स्वर उभरा
मुँह सबने उचकाये
दबे पड़े साहस के सहसा
पंख उभर आये
मन ही मन संकल्प हो गए
आगे बढ़ने के
जंगल के अत्याचारी से
जमकर लड़ने के
पल में बदली हवा
मुट्ठियाँ सबकी दिखीं तनी

रानी तू कह दे राजा से
परजा जान गई
अब अपनी अकूत ताकत
परजा पहचान गई
मचल गई जिस दिन परजा
सिंहासन डोलेगा
शोषक की औकात कहाँ
आकर कुछ बोलेगा
उठो उठो सब उठो
उठेगी पूरी विकट वनी
सिसक रही हिरनी।

-डा० जगदीश व्योम

No comments:

Post a Comment