Sunday, June 19, 2016

कोई उत्सव नहीं मना

-यतीन्द्रनाथ राही

युग बीते
मेरे आँगन में
कोई उत्सव नहीं मना

मौसम जाने कितने आए
पर निकले वे सभी पराए
युग युग बीते
कोई मौसम
हो न सका मेरा अपना

टूट रहे हैं अक्षर अक्षर
अर्थों में है रहा शून्य भर
छंद साधते
युग बीते पर
गीत एक पूरा न बना

सज़ा मिली पर अवधि अनिश्चित
साँस साँस में पीड़ा संचित
दिन पर दिन
होता जाता है
क्रूर और एकांत घना

-यतीन्द्रनाथ राही

No comments:

Post a Comment